
चमोली : चमोली जिले के माणा गांव में बर्फ में फंसे 14 और मजदूरों को सकुशल निकाल लिया गया है। 8 मजदूर अभी भी फंसे हैं। उन्हें बचाने को रेसक्यू जारी है।
सुबह से हो सेना और आईटीबीपी जवान मजदूरों को बचाने के लिए रेसक्यू कर रहे हैं। 14 और मजदूरों को बचा लिया गया। शुक्रवार को कुबेर पर्वत से हुए हिमस्खलन से माणा कैम्प के पास सीमा सड़क संगठन के 55 मजदूर बर्फ में दब गए थे। 33 मजदूरों को देर रात तक सकुशल बचा लिया गया था।
इधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह से हो रेसक्यू अभियान पर नजर रखे हैं। मौसम ठीक रहा तो मुख्यमंत्री ग्राउंड जीरो पर जा सकते हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री धामी से फोन पर बात कर रेसक्यू अभियान के बारे में जानकारी ली है।
चमोली जिले में अभी भी मौसम सामान्य नहीं हुआ है। माणा समेत उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है। रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान ने हिमस्खलन को लेकर अलर्ट जारी किया है।
इसमें उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में 2400 मीटर से ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमस्खलन होने की चेतावनी जारी की गई है। इसमें चमोली जिले को अत्यधिक असुरक्षित स्थिति में बताया गया है।