
हरिद्वार : सिडकुल थाना पुलिस ने मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान की आड़ में फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाने का भंडाफोड़ किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी बाहरी राज्यों से काम की तलाश में आने वाले लोगों के फर्जी आधार कार्ड, हाईस्कूल की मार्कशीट और अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार करता था। इतना ही नहीं, इन दस्तावेजों के आधार पर उन्हें SIDCUL की फैक्ट्रियों में नौकरी भी लगवाता था।
सत्यापन अभियान में हुआ खुलासा
जनपद में बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों और नौकरों के सत्यापन अभियान के तहत सिडकुल थाना पुलिस क्षेत्र में जांच कर रही थी। थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम जब रावली महदूद स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान पर पहुंची तो जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
तलाशी के दौरान दुकान से चार फर्जी आधार कार्ड, नौ फर्जी हाईस्कूल मार्कशीट, एक लैपटॉप, कलर प्रिंटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से आधार कार्ड में नाम, पता और उम्र में बदलाव कर प्रिंट निकाल देता था।
उत्तराखंड के दस्तावेज बनाकर दिलवाता था नौकरी
पुलिस पूछताछ में पता चला कि सिडकुल में नौकरी करने आए बाहरी राज्यों के लोगों को स्थानीय पते के दस्तावेजों की आवश्यकता होती थी। आरोपी इस जरूरत का फायदा उठाकर फर्जी आधार कार्ड और शैक्षणिक प्रमाण पत्र तैयार करता था। इसके बदले वह ग्राहकों से मोटी रकम वसूलता था।
आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम पुनीत कुमार पुत्र वेदपाल सिंह (28) हाल निवासी पिपलेश्वर मंदिर, रावली महदूद बताया है।
नेटवर्क की जांच शुरू
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है। साथ ही उसके नेटवर्क और इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में और खुलासे होने की संभावना है।








