
रुद्रपुर। ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत ऊधमसिंह नगर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने एक युवक को भारी मात्रा में नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 6000 ट्रामाडोल कैप्सूल, एक कार, मोबाइल फोन और 51 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक किच्छा प्रकाश सिंह दानू और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स प्रभारी राजेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम देर रात किच्छा कोतवाली क्षेत्र के डीडी चौक के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में नशीली दवा ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही कार सवार युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की पहचान मोहम्मद शाहबाज (21) पुत्र लईक अहमद निवासी वार्ड नंबर 19, रजा मस्जिद के पास सिरोली कला, थाना पुलभट्टा, जिला उधमसिंह नगर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 25 डिब्बों में रखे कुल 6000 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए। इसके अलावा उसके पास से एक काले रंग की कार, मोबाइल फोन और 51 हजार रुपये नकद भी मिले। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली किच्छा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी शाहबाज ने खुलासा किया कि वह ट्रामाडोल कैप्सूल अपने बड़े भाई रईस अहमद के कहने पर घर से लेकर आया था। उसने बताया कि रईस अहमद यह नशीली दवा बरेली से लेकर आया था। इस खुलासे के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और आरोपी के भाई समेत अन्य संभावित तस्करों की तलाश कर रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।









