Haridwar : सीएम पुष्कर धामी ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का लिया जायजा. 234.55 करोड़ की 34 स्थायी परियोजनाओं का शिलान्यास

हरिद्वार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा के लिए हरिद्वार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कुंभ मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) पहुंचकर राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत 34 प्रमुख स्थायी अवसंरचना कार्यों का शिलान्यास किया।

करीब 234.55 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इन कार्यों का उद्देश्य कुंभ मेले का सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करना है। साथ ही, इन परियोजनाओं के माध्यम से हरिद्वार शहर के दीर्घकालीन विकास को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और वैश्विक स्तर पर राज्य की प्रतिष्ठा का प्रतीक है। तैयारियों में गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

सेक्टरवार कार्यों का विवरण

घाट निर्माण एवं सिंचाई अवसंरचना: 07 कार्य, लागत 70.54 करोड़ रुपये

सड़क एवं परिवहन अवसंरचना: 12 कार्य, लागत 127.23 करोड़ रुपये

पेयजल एवं जल आपूर्ति अवसंरचना: 09 कार्य, लागत 18.11 करोड़ रुपये

श्रद्धालु सुविधाएं एवं सहायक अवसंरचना: 06 कार्य, लागत 18.67 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री ने सीसीआर भवन में उच्च स्तरीय बैठक कर अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।

प्रशासनिक अधिकारियों ने मेले की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था और डिजिटल मॉनिटरिंग से जुड़ी तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला-2027 को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

सम्बंधित खबरें