
हल्द्वानी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता को लेकर अधिकारियों एवं विशेषज्ञों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की और निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार के सकारात्मक प्रयासों से पर्यावरणीय एवं तकनीकी अड़चनों को दूर किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप जमरानी बांध को स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही, परियोजना को आगे बढ़ाने में सहयोग देने वाले स्थानीय निवासियों एवं जनप्रतिनिधियों का भी धन्यवाद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में अड़चनें और धन की कमी बाधा नहीं बनेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जमरानी बांध परियोजना उत्तराखण्ड की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बनेगी। इससे जहां सिंचाई एवं पेयजल की सुविधा सुदृढ़ होगी, वहीं युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे तथा पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की मांग पर विद्युत उत्पादन की संभावना को लेकर केन्द्र सरकार से वार्ता की जाएगी।
परियोजना के महाप्रबंधक महेश खरे ने बताया कि परियोजना अंतर्गत दो सुरंगों (टनलों) का निर्माण लगभग 88 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। नदी जल के डायवर्जन हेतु कॉफर डैम का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि जून 2026 तक सुरंगों एवं कृत्रिम बांध का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा तथा जून 2029 तक संपूर्ण परियोजना को पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।








