Dehradun Crime : कोबरा गैंग की विदेशी महिला तस्कर और एक दंपति गिरफ्तार.16.35 ग्राम कोकीन, 63500 रुपए बरामद

देहरादून : देहरादून पुलिस ने विदेशी महिला तस्कर और दून के एक दंपति को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 16.35 ग्राम कोकीन और 63500 रुपए बरामद किए हैं। पकड़ा गया दंपति कोकीन बड़ी पार्टियों और शिक्षण सस्थानों में छात्रों को सप्लाई करता था।

राजपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को चेकिंग के दौरान पेसिफिक हिल्स मसूरी रोड के पास से युगांडा निवासी सान्यु डियाना जेरशोम टुल्याजिन्द्र (35) हाल निवासी विकासपुरी दिल्ली, सारथी साहनी पुत्र स्वर्गीय सुनील साहनी (32) निवासी प्रीतम रोड देहरादून व उसकी पत्नी रितिका साहनी (25) को गिरफ्तार किया। उनके पास से 16.35 ग्राम कोकीन, 63500 रुपए, बैट्री युक्त इलेक्ट्रॉनिक तराजू, फाबियो कार (यू0के0-07-एक्स-0707) बरामद की गई। बरामद कोकीन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में दो लाख रुपए बताई जाती है।

पुलिस के मुताबिक सान्यु डियाना ने बताया कि वह यूगांडा देश की नागरिक है तथा बिजनेस वीजा पर जनवरी में भारत आई है। वह कोबरा गैंग की सक्रिय सदस्य है, उसके द्वारा डिमाण्ड के हिसाब से दिल्ली से कोकीन देश के अलग-अलग हिस्सों में अपने एजेण्टों व पैडलरों को सप्लाई करती है। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि सान्यु डियाना देहरादून में डिमाण्ड पर अभियुक्त सारथी साहनी व उसकी पत्नी रितिका साहनी को कोकीन सप्लाई करने आई थी।

सारथी साहनी एक निजी कंपंनी में मार्केटिंग हेड है तथा उसकी पत्नी रितिका साहनी देहरादून के एक प्रतिष्ठित स्कूल में शिक्षिका रही है। सारथी साहनी दिल्ली व अन्य जगहों से अपने संपर्क सूत्रों के माध्यम से कोकीन मंगवाता है, जिसे वह अपनी पत्नी के साथ मिलकर देहरादून में होने वाली बड़ी पार्टियों में डिमांड के हिसाब से सप्लाई करता है। साथ ही विभिन्न शिक्षण सस्थानों में अध्यनरत छात्रों को अपनी पत्नी के माध्यम से मादक पदार्थो की सप्लाई करवाता है, चूंकि उसकी पत्नी पूर्व में अध्यापिका थी, इसलिये कोई उन पर आसानी से शक नही करता है।

अभियुक्तगणों के विरुद्ध थाना राजपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 /27/ 29 के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया गया है। इससे पहले भी राजपुर थाना पुलिस ने तीन लोगों को 3.30 ग्राम कोकीन और 38.45 ग्राम स्मैक समेत गिरफ्तार किया था।

सम्बंधित खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *