Dehradun Crime : देहरादून में दिनदहाड़े हिस्ट्रीशीटर की हत्या, सिल्वर सिटी मॉल में बरसी गोलियां. जिम से निकलते ही मारी तीन गोली

झारखंड का रहने वाला था विक्रम शर्मा, 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज; गैंगवार या रंजिश के एंगल पर जांच तेज

देहरादून : राजधानी के राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल में सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक हिस्ट्रीशीटर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में झारखंड के जमशेदपुर निवासी विक्रम शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।

घात लगाकर बदमाशों ने किया हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विक्रम शर्मा रोज की तरह जिम करने के बाद मॉल की सीढ़ियों से नीचे उतर रहा था। तभी पहले से घात लगाए दो हमलावर उसके करीब पहुंचे और उस पर तीन गोलियां दाग दीं। तीसरा आरोपी बाहर बाइक पर निगरानी करता रहा।

हमला इतना अचानक था कि विक्रम अपने पास मौजूद लाइसेंसी पिस्टल तक नहीं निकाल सका। गोलियां लगते ही वह सीढ़ियों के पास गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

50 से अधिक मुकदमे, हत्या और वसूली के आरोप

जांच में सामने आया है कि विक्रम शर्मा मूल रूप से झारखंड के जमशेदपुर का रहने वाला था। उत्तराखंड के काशीपुर में उसका स्टोन क्रशर का कारोबार बताया जा रहा है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उस पर झारखंड में हत्या, रंगदारी, वसूली और अन्य गंभीर धाराओं में 50 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। सूत्रों के मुताबिक, उसके कई बड़े गैंगस्टरों से संबंध भी रहे हैं। ऐसे में पुलिस इस वारदात को आपसी रंजिश या गैंगवार से जोड़कर देख रही है।

पुलिस की विशेष जाँच टीमें गठित

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। आईजी गढ़वाल और एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मॉल को घेरकर साक्ष्य जुटाए गए और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

फरार हमलावरों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। झारखंड पुलिस से भी संपर्क कर विक्रम के आपराधिक नेटवर्क और दुश्मनों की जानकारी जुटाई जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बताया जा रहा है कि विक्रम शर्मा जून 2025 से नियमित रूप से इसी जिम में आ रहा था और पास के एक फ्लैट में रहता था। इतने बड़े हिस्ट्रीशीटर की शहर में मौजूदगी को लेकर पुलिस की निगरानी पर भी सवाल उठने लगे हैं।

देहरादून में हाल के दिनों में अपराध की बढ़ती घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर चिंता बढ़ा दी है। दिनदहाड़े मॉल में हुई इस हत्या ने शहरवासियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

पुलिस के सामने कई सवाल

क्या यह पुरानी रंजिश का नतीजा है?
आर्थिक लेनदेन को लेकर विवाद था?
हमलावरों को दिनचर्या की सटीक जानकारी किसने दी?

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। अब देखना होगा कि इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा कब तक हो पाता है।

देहरादून जिले में 16 दिनों में 5 हत्याकांड-

29 जनवरी 2026 को विकासनगर में 18 साल की छात्रा की हत्या
31 जनवरी 2026 को ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या
2 फरवरी 2026 को देहरादून में युवती की गला रेतकर हत्या
11 फरवरी 2026 को देहरादून में 40 साल के शख्स की गोली मारकर हत्या
13 फरवरी की सुबह देहरादून में जिम से निकल रहे शख्स की गोली मारकर हत्या

सम्बंधित खबरें