Dehradun Crime : देहरादून में भरे बाजार युवती की हत्या, युवक ने चापड़ से काटा गला. आरोपी गिरफ्तार

देहरादून: राजधानी में सुबह भरे बाजार एक युवती की हत्या कर दी गईं। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। इस सनसनी वारदात के चलते बाजार बंद हो गया।

वारदात कोतवाली क्षेत्र के मच्छी बाजार इलाके में हुई। 23 वर्षीय युवती घर से निकली थी। तभी वहां मौजूद एक युवक ने बातचीत के दौरान उस पर हमला कर दिया। इस जघन्य हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी फैल गईं। दहशत में आसपास का बाजार बंद हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने युवती पर चापड़ से हमला किया। युवती का गला इतनी बुरी तरह कट गया कि वो नीचे गिर गई। युवती को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया।

मृतका का नाम गुंजन था और वह बाजार क्षेत्र की रहने वाली थी। गुंजन पिछले 5 से 6 सालों से दूल्हे के कपड़ों की दुकान में काम कर रही थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त घटना को अंजाम देने वाले युवक को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

हत्यारोपी आकाश कुमार पुत्र कोमल राम (27) मन्नूगंज खुडबुड़ा मोहल्ले का रहने वाला है। पता चला है कि काफी दिनों से आकाश गुंजन का पीछा कर रहा था। इसको लेकर कुछ दिन पहले दोनों के बीच बहस भी हुई थी। आकाश ने कुछ दिन पहले गुंजन को धमकी भी दी थी। जिस पर गुंजन ने खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत भी दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

पुलिस ने बताया कि गुंजन और हत्या आरोपी आकाश कुमार के बीच पहले दोस्ती थी. जब आकाश की शादी हो गई तो गुंजन ने उसका साथ छोड़ते हुए बातचीत बंद कर दी थी। इसके बावजूद आकाश उसका पीछा करता रहता था। इस दौरान दो दिन पहले उसने गुंजन को जानमाल की धमकी दी तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

सम्बंधित खबरें