Chamoli Avalanche Update : माणा में चार मजदूरों की मौत. 46 मजदूर सुरक्षित. तीन कंटेनरों को तलाशने में जुटी टीमें

चमोली : हिमस्खलन की चपेट में आए माणा में रेसक्यू अभियान युद्ध स्तर पर जारी है। बर्फ में फंसे 50 मजदूरों को निकाला गया है। जिनमें चार मजदूरों की मौत हो गई। तीन कंटेनरों की तलाश की जा रही है।

कुबेर पर्वत से शुक्रवार की सुबह भारी हिमस्खलन होने से माणा में निर्माण कार्य में लगे सीमा सड़क संगठन के 55 मजदूर बर्फ में फंस गए थे। ये मजदूर कंटेनरों में रह रहे थे। इनमें से पांच कंटेनरों को ट्रेस कर श्रमिकों को सुरक्षित निकालने में राहत और बचाव दलों को सफलता मिली है।

अत्यधिक बर्फ होने के कारण तीन कंटेनर ट्रेस नहीं हो पा रहे हैं। आर्मी, आईटीबीपी द्वारा इन कंटेनरों का पता लगाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। कंटेनरों की तलाश के लिए आर्मी के स्निफर डाग्स की तैनाती की गई है। आर्मी की 03 टीमों द्वारा सघन पेट्रोलिंग की जा रही है। दिल्ली से सेना की जीपीआर रडार ;ग्राउण्ड पेनीट्रेशन रडार मंगवाई गई है, जो बर्फ के अंदर कंटेनरों को ट्रेस करने में मदद करेगी।

लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष श्रीवास्तव पीआरओ डिफेंस देहरादून ने बताया कि अभी तक 46 में से 23 मजदूरों को जोशीमठ पहुंचाया जा चुका है। दुर्भाग्य से, चार मजदूरों की मौत हो गई है । घायलों को निकालने के लिए प्राथमिकता दी जा रही है।

आइटीबीपी के जवान माणा में रेस्क्यू कर रहे हैं। चार घायलों को एम्स लाए जाने संभावना है, जिसके चलते एम्स अलर्ट मोड पर है। चमोली में रेसक्यू कार्य का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून में आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे। चार घंटे में दूसरी बार मुख्यमंत्री ने आपदा परिचालन केंद्र का दौरा किया है ।

चमोली में हिमस्खलन और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। मुख्यमंत्री लगातार अपडेट ले रहे हैं। कहा कि हम प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं।

सम्बंधित खबरें