
हल्द्वानी : बड़ी मंडी क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक और युवती के शव खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। दोनों की पत्थरों से कुचलकर हत्या की गईं थी। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने विशेष टीम गठित कर त्वरित खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सनसनीखेज डबल मर्डर का पर्दाफाश कर दिया।

🔎 मृतकों की पहचान
शुभम टम्टा (30) निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा। नशा मुक्ति केंद्र में काम करता था शुभम
लक्ष्मी पोखरिया (21) निवासी मल्ली पोखरी, ओखलकांडा, नैनीताल। वह मेडिकल स्टोर में पार्ट टाइम जॉब भी करती थी।
मृतका के भाई हेम चंद्र जोशी की ऒर से अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। मृतका एमबी कॉलेज में बीएससी द्वितीय की छात्रा थी। पढ़ाई के लिए वह हल्द्वानी रह रही थी। शुभम और लक्ष्मी मुखानी क्षेत्र में लिव इन रिलेशन में रह रहे थे।
🍻 शराब पार्टी में हुआ विवाद बना डबल मर्डर का कारण
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सभी पहले से परिचित थे। घटना वाली रात वे गल्ला मंडी परिसर में एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने लक्ष्मी के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। शुभम और लक्ष्मी ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि गुस्से में आकर आरोपियों ने पहले शुभम की हत्या की। इसके बाद घटना छिपाने के लिए लक्ष्मी को भी मौत के घाट उतार दिया। बाद में पहचान छिपाने की नीयत से दोनों के सिर पत्थरों से कुचल दिए गए।
👮♂️ ये हैं गिरफ्तार आरोपी
गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर (25 वर्ष) – वसुंधरा कॉलोनी, हल्द्वानी
सौरभ भट्ट उर्फ भटिया (20 वर्ष) – तीनपानी, हल्द्वानी
दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव (20 वर्ष) – वसुंधरा कॉलोनी, हल्द्वानी
दीपेश लटवाल उर्फ राज (25 वर्ष) – उत्तरांचल विहार, हल्द्वानी
पुलिस के अनुसार गौरव नेगी उर्फ अक्कु ठाकुर मुख्य अभियुक्त है। वह आदतन अपराधी है। इसके विरूद्ध कोतवाली हल्द्वानी में पूर्व में गैंगस्टर एक्ट समेत 11 अभियोग दर्ज हैं। अभियुक्त दीपेश लटवाल के विरूद्ध भी थाना मुखानी में 03 अभियोग दर्ज हैं।
🧾 बरामदगी
हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन, दो आरोपियों के खून से सने कपड़े
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने खुलासा करने वाली टीम को ₹2500 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जघन्य अपराध करने वालों की समाज में कोई जगह नहीं है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।








