
देहरादून : देहरादून जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस हरिपुर–क्वानू–मीनस मार्ग पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। बस हिमाचल प्रदेश से पांवटा साहिब जा रही थी और उसमें करीब 30 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। SDRF की टीमें डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी पोस्ट से तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान घायलों को खाई से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस दूसरे वाहन को पास देते समय अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि चालक ने बस को सड़क से अधिक बाहर निकाल दिया, जिससे संतुलन बिगड़ गया और बस खाई में जा गिरी। हादसे की जानकारी सबसे पहले बस के परिचालक ने पुलिस को फोन पर दी।
दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर HP-66A-2588 बताया गया है। बस को चालक दिनेश शर्मा चला रहे थे, जबकि परिचालक जगदीश चंद थे। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।








