UTTRAKHAND : उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज. सुबह हल्का कोहरा दिनभर धूप

चटक धूप से बढ़ा तापमान, पहाड़ में राहत, मैदानी इलाकों में गर्मी का एहसास

देहरादून : उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना हुआ है और चटक धूप के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। जहां पर्वतीय क्षेत्रों में तेज धूप से ठंड से राहत मिल रही है, वहीं मैदानी इलाकों में हल्की गर्मी का असर महसूस होने लगा है।

सुबह हल्का कोहरा, दिन में धूप
मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, पौड़ी और नैनीताल जनपदों में सुबह के समय कहीं-कहीं हल्का कोहरा छा सकता है, जबकि अन्य जिलों में मौसम साफ रहेगा। दिन के समय तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है, हालांकि न्यूनतम तापमान अभी सामान्य बना हुआ है।

9–10 को बारिश-बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग का कहना है कि 7 और 8 फरवरी को भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं 9 और 10 फरवरी को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है। लगातार चटक धूप से पहाड़ों में ठंड का असर कम हुआ है, जबकि मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रभाव साफ दिखाई देने लगा है।

देहरादून समेत कई इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर
बृहस्पतिवार को मैदान से लेकर पहाड़ तक मौसम शुष्क रहा और तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा।
पंतनगर में अधिकतम तापमान 21.8 और न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पर्वतीय क्षेत्रों में धूप से राहत, सुबह-शाम अब भी ठंड
पर्वतीय इलाकों की बात करें तो मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 14.8 और न्यूनतम 3.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि नई टिहरी में अधिकतम तापमान 16.2 और न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में तेज धूप निकलने के कारण लोग गर्म कपड़े पहनना छोड़ने लगे हैं, हालांकि सुबह और शाम के समय ठंड अब भी महसूस की जा रही है।

बर्फबारी का असर बरकरार, धूप से मिल रही राहत
पिछले दिनों पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बारिश और बर्फबारी के कारण ठंड पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। ऐसे में दिन के समय निकलने वाली धूप लोगों के लिए राहत लेकर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा, हालांकि कुछ इलाकों में हल्का कोहरा छाने की संभावना बनी हुई है।

सम्बंधित खबरें