Chamoli Avalanche: देश के पहले गांव माणा में भारी हिमस्खलन. 57 मजदूर बर्फ में दबे. 15 मजदूरों को सकुशल बचाया. भारी बर्फबारी की वजह से रेसक्यू रोका

चमोली : देश के पहले गांव माणा कैम्प के पास शुक्रवार सुबह भारी बर्फबारी के बीच कुबेर पर्वत से हिमस्खलन हो गया। जिससे वहां सीमा सड़क संगठन के 57 मजदूर इसकी चपेट में आ गए। इसमें 15 मजदूरों को सकुशल बचा लिया गया। भारी बर्फबारी की वजह से रेसक्यू को रोक दिया गया है।

दो साल से माणा गांव-माणा पास (50.987 किमी) हाईवे का सुधारीकरण और चौड़ीकरण कार्य चल रहा है। वहां कार्यरत मजदूर दिनभर काम करने के बाद रात्रि विश्राम के लिए माणा पास एंट्री गेट के पास स्थापित कंटेनर में पहुंच जाते हैं।
तीन दिनों से बर्फबारी होने से मजदूर कंटेनर में रह रहे थे। शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े छह बजे कुबेर पर्वत से बर्फबारी के बीच मजदूरों के कंटेनर के ऊपर भारी मात्रा में हिमस्खलन हो गया। जिससे मजदूरों में अफरा-तफरी गई। कुछ मजदूर बदरीनाथ की ओर भाग गए, जबकि कुछ कंटेनर के अंदर ही फंस गए।

हिमस्खलन की सूचना मिलते ही कैंप में रह रहे आईटीबीपी और सेना के जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने बर्फबारी के बीच ही रेस्क्यू शुरू कर दिया। भारी हिमस्खलन की वजह से 57 मजदूर बर्फ में दब गए। सेना व आईटीबीपी जवानों ने 15 मजदूरों को सकुशल बचा लिया, जबकि 42 मजदूर बर्फ में ही फंसे हैं।

भारी बर्फबारी के चलते आईटीबीपी ने रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया है। आईटीबीपी के जवान माणा गांव में वापस अपने कैंप में लौट गए है। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि जिस स्थान पर हिमस्खलन हुआ है वहां करीब आठ फीट तक बर्फ जम गई है। मौसम सामान्य होने पर फिर से रेस्क्यू चलाया जाएगा।

चमोली में हिमस्खलन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मोर्चा संभाल लिया है। सीएम तत्काल देहरादून में आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे और अधिकारियों से हिमस्खलन की घटना की जानकारी ली। इसके बाद सीएम ने उच्च अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व गृहमंत्री अमित साह लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हैं।

चमोली के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि बदरीनाथ हाईवे पर जमी बर्फ को हटाने के लिए बीआरओ की जेसीबी लगाई गई है। लगातार बर्फबारी होने और कोहरा लगने से रेस्क्यू कार्य बाधित हो रहा है। बदरीनाथ हाईवे से एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आपदा और पुलिस की टीमें पैदल ही माणा गांव के लिए रवाना हो गई हैं।

सम्बंधित खबरें