Dehradun : SSC MTS परीक्षा में हाईटेक नकल गिरोह का भंडाफोड़.10 लाख में पास कराने का था सौदा. दो आरोपी दबोचे गए

उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड STF की संयुक्त कार्रवाई. अंडरग्राउंड चेंबर से रिमोट एक्सेस के जरिए हल हो रहा था प्रश्नपत्र

देहरादून : उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड एसटीएफ ने मल्टी टास्किंग स्टाफ (नॉन-टेक्निकल) एवं हवलदार भर्ती परीक्षा-2025 में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो अभ्यर्थियों से परीक्षा पास कराने के नाम पर 10-10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे।

अंडरग्राउंड चेंबर से चल रहा था खेल

13 फरवरी  को कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा आयोजित मल्टी टास्किंग (Non-Technical) स्टाफ एवं हवलदार (CBIC/CBN) भर्ती परीक्षा देशभर के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जा रही थी। देहरादून स्थित महादेव डिजिटल जोन, एमकेपी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर एसटीएफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने छापा मारा।

परीक्षा लैब के पास बने यूपीएस कक्ष में 24×24 इंच का अंडरग्राउंड चेंबर बनाकर उसमें दो लैपटॉप और राउटर स्वचालित अवस्था में संचालित मिले। जांच में सामने आया कि इन लैपटॉप को रिमोटली एक्सेस कर अभ्यर्थियों के प्रश्नपत्र हल कराए जा रहे थे।

10 लाख में पास कराने का लालच

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर प्रति अभ्यर्थी 10 लाख रुपये की मांग करते थे। अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से कंप्यूटर सिस्टम को रिमोट एक्सेस लेकर प्रश्नपत्र हल किया जाता था।

एसटीएफ ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया

नीतिश कुमार, निवासी भाटपार रानी देवरिया (हाल निवासी नागलोई, दिल्ली)

भास्कर नैथानी, निवासी नथुवावाला, देहरादून

आरोपियों के खिलाफ कोतवाली देहरादून में उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम व निवारण के उपाय) अधिनियम 2023 की धाराओं सहित बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है।

ये सामान हुआ बरामद

02 डेल लैपटॉप, 01 डिजीसोल राउटर, 02 ईथरनेट केबल (USB कनेक्टर सहित), 01 जेब्रोनिक्स ईथरनेट एडॉप्टर, PNT केबल कनेक्टिंग बॉक्स, 04 मोबाइल फोन

सहआरोपियों की तलाश जारी

एसटीएफ टीम अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षाओं की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सम्बंधित खबरें