Dehradun Police Encounter : देहरादून गैस एजेंसी मालिक हत्याकांड: 12 घंटे में पुलिस एनकाउंटर, दोनों शूटर गिरफ्तार

तिब्बती मार्केट में बीते दिवस सुबह 10:30 बजे हुआ था हत्याकांड. लालतप्पर-लाडपुर जंगल में मुठभेड़; दोनों बदमाशों के पैर में लगी गोली, दो तमंचे और स्कूटी बरामद

देहरादून : राजधानी देहरादून में गैस एजेंसी मालिक की दिनदहाड़े हत्या के बाद पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। तिब्बती मार्केट हत्याकांड के बाद शहर से लेकर देहात तक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान रायपुर के लाडपुर जंगल और लालतप्पर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई।

मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में दोनों ने तिब्बती मार्केट में गैस एजेंसी मालिक अर्जुन शर्मा की हत्या करना स्वीकार किया है।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे तिब्बती मार्केट क्षेत्र अचानक गोलियों की आवाज से गूंज उठा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूटी सवार दो युवक मार्केट में पहुंचे और फल खरीद रहे लगभग 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा पर नजदीक से फायरिंग कर दी।

गोली लगते ही अर्जुन शर्मा जमीन पर गिर पड़े। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हमलावर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि अर्जुन शर्मा परेड ग्राउंड से टेनिस खेलकर लौट रहे थे।

पुलिस की नाकेबंदी, दो जगह मुठभेड़

घटना के बाद एसएसपी अजय सिंह ने अलग-अलग टीमें गठित कर शहर और बाहरी क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी।

लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र : स्कूटी सवार बदमाश को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह भागकर एक खंडहर फैक्ट्री में घुस गया और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

लाडपुर जंगल, रायपुर चौकी क्षेत्र: दूसरे आरोपी ने पुलिस चेकिंग के दौरान फायरिंग की। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में उसके पैर में गोली लगी। उसे भी गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया।

एसएसपी बोले- हत्याकांड का खुलासा

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ में दोनों बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की गई है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और हत्याकांड के पीछे की वजह खंगाली जा रही है।

देहरादून में हाल के महीनों में यह तीसरी ऐसी वारदात है, जिसमें हमलावरों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में टारगेट कर हत्या की और भागने की कोशिश की। हालांकि, इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों को जल्द दबोच लिया।

सम्बंधित खबरें