नैनीताल SOG के जांबाज सिपाही नीरज कुमार बने इंस्पेक्टर, वर्तमान में यूपी के बदायूं जिले में हैं तैनात

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात अमित भूरा के एनकाउंटर में निभाई थी अहम भूमिका, साहस और उत्कृष्ट कार्य के लिए 2009 में मिला था आउट ऑफ टर्न प्रमोशन. अब पदोन्नत होकर इंस्पेक्टर बने

हल्द्वानी/बदायूं। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शातिर अपराधियों और कुख्यात गैंगों के खिलाफ कार्रवाई में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व SOG कांस्टेबल नीरज कुमार अब इंस्पेक्टर बन गए हैं। वर्तमान में उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में तैनात नीरज कुमार को दीपावली पर पदोन्नति का तोहफा मिला है। उनकी इस उपलब्धि से पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है।

उत्तर प्रदेश सरकार ने दीपावली के अवसर पर पुलिसकर्मियों को पदोन्नति की सौगात दी है। इसी क्रम में बदायूं जिले में तैनात पांच उपनिरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है। इनमें नीरज कुमार का नाम भी शामिल है। बदायूं की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अंकिता शर्मा ने पदोन्नत अधिकारियों की वर्दी पर स्टार लगाकर उन्हें सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

कांस्टेबल से इंस्पेक्टर तक का शानदार सफर

नीरज कुमार का पुलिस सेवा का सफर संघर्ष, मेहनत, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल है। वर्ष 1997 में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए नीरज की पहली तैनाती उत्तराखंड के नैनीताल जिले में हुई थी। अपनी कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा के चलते उन्होंने वर्ष 2006 तक नैनीताल में सेवाएं दीं। इस दौरान उनका अधिकांश कार्यकाल स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) में रहा। यहां उन्होंने कई बड़े आपराधिक मामलों के खुलासे और शातिर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वर्ष 2006 में नीरज कुमार अपने मूल कैडर उत्तर प्रदेश लौट गए। इसके बाद गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर और मेरठ जैसे महत्वपूर्ण जिलों में तैनाती के दौरान उन्होंने अपनी पेशेवर दक्षता और कार्यशैली से अलग पहचान बनाई। गंभीर आपराधिक मामलों के खुलासे में भी उनकी अहम भूमिका रही।

कुख्यात अमित भूरा के एनकाउंटर में निभाई अहम भूमिका

गाजियाबाद में SOG के साथ तैनाती के दौरान नीरज कुमार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आतंक का पर्याय बने कुख्यात अपराधी अमित भूरा के एनकाउंटर में शामिल पुलिस टीम का प्रमुख हिस्सा रहे। इस कार्रवाई में उनके साहस और उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2009 में उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया था। इस पदोन्नति के बाद वह कांस्टेबल से हेड कांस्टेबल बने।

मेहनत और अनुभव के दम पर हासिल की नई उपलब्धि

पुलिस सेवा में आगे बढ़ते हुए नीरज कुमार ने वर्ष 2012 में उपनिरीक्षक पद की परीक्षा उत्तीर्ण की और सब इंस्पेक्टर बने। इसके बाद लगातार अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करते हुए उन्होंने सेवा में नई ऊंचाइयां हासिल कीं। अब उपनिरीक्षक से निरीक्षक पद पर पदोन्नति उनके लंबे और शानदार पुलिस करियर की एक और बड़ी उपलब्धि है।

सम्बंधित खबरें