
हल्द्वानी। मानसून के बाद कुमाऊं मंडल की सड़कों को पूरी तरह गड्ढामुक्त और आवागमन के लिए सुगम बनाने की कवायद तेज हो गई है।
शनिवार को आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), एनएच, पीएमजीएसवाई, यूयूएसडीए और नगर निगम समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा निर्धारित 15 अक्टूबर की समयसीमा के भीतर सड़क मरम्मत के सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि सड़क के गड्ढों को महज औपचारिकता के लिए भरने के बजाय ऐसा पैचवर्क और पुनर्निर्माण किया जाए, जो लंबे समय तक टिकाऊ रहे। पहाड़ी क्षेत्रों में मुख्य मार्गों के साथ-साथ संपर्क और ग्रामीण सड़कों को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी भी दी।
नैनीताल की 992 किमी सड़कें होंगी गड्ढायुक्त
लोनिवि के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि नैनीताल जिले में 36 मुख्य राजमार्ग और मुख्य जिला मार्ग गड्ढायुक्त हैं, जिनकी कुल लंबाई करीब 992 किलोमीटर है। इनके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब तक 303 किलोमीटर सड़कें गड्ढामुक्त की जा चुकी हैं। शेष सड़कों पर बारिश के बाद पैचवर्क और हॉटमिक्स का काम किया जाएगा।
कुमाऊं के अन्य जिलों में भी सड़क सुधार का काम प्रस्तावित है। अल्मोड़ा में 67, बागेश्वर में 22, पिथौरागढ़ में 36 और चंपावत में 23 सड़कें गड्ढामुक्त की जानी हैं। अधिकारियों के अनुसार सभी कार्यों के टेंडर हो चुके हैं और जल्द काम शुरू किया जाएगा।
पीएमजीएसवाई की 1500 किमी सड़कों पर काम
पीएमजीएसवाई के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि योजना के तहत करीब 1500 किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाना है। इनमें से करीब 58 किमी सड़कें दुरुस्त की जा चुकी हैं, जबकि शेष सड़कों पर काम जारी है।
हल्द्वानी में टुकड़ों में होगा सीवर-पेयजल का काम
हल्द्वानी शहर में यूयूएसडीए के कार्यों को लेकर आयुक्त ने असंतोष जताया। उन्होंने निर्देश दिए कि सीवर और पेयजल लाइन बिछाने का काम एक साथ बड़े हिस्से में सड़क खोदकर करने के बजाय छोटे-छोटे हिस्सों में किया जाए। जिस हिस्से में लाइन बिछाने का काम पूरा हो, उसे तत्काल दुरुस्त करने के बाद ही अगले हिस्से में काम शुरू किया जाए। इससे आम लोगों को होने वाली परेशानी कम होगी।
80 किमी आंतरिक सड़कें गड्ढायुक्त
नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि हल्द्वानी शहर की करीब 80 किलोमीटर आंतरिक सड़कें गड्ढायुक्त हैं। इनमें से 8 किलोमीटर में पैचवर्क पूरा किया जा चुका है। आवास विकास, राजपुरा और बनभूलपुरा क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही इन मार्गों पर हॉटमिक्स और पैचवर्क शुरू किया जाएगा।
एनएच की 168 किमी सड़कें होंगी दुरुस्त
एनएच के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि 168 किलोमीटर सड़कों पर पैचवर्क और हॉटमिक्स किया जाना है। इनमें से 36 किलोमीटर पर काम पूरा हो चुका है। शेष 132 किलोमीटर सड़कों पर मानसून के बाद काम शुरू किया जाएगा।
बैठक में एनएच, लोनिवि, यूयूएसडीए, नगर निगम और पीएमजीएसवाई समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








