Dehradun crime : विकासनगर में महिला ने प्रेमी से मिलकर कराई पति की हत्या. यमुना नदी में शुक्रवार को मिला था शव

24 घंटे में विकासनगर पुलिस ने किया खुलासा. महिला प्रेमी संग गिरफ्तार. गला घोंटकर की गई थी हत्या ।

देहरादून : डाकपत्थर चौकी क्षेत्रांतर्गत यमुना नदी में मिले शव की शिनाख्त के 24 घंटे बाद ही मामले का खुलासा हो गया है। महिला ने प्रेमी संग मिलकर कराई थी पति की हत्या। पुलिस ने महिला को प्रेमी के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

मालूम हो कि यमुना नदी में 19अक्तूबर को एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। जिसकी शिनाख्त अगले दिन नितिन कुमार ने अपने भाई अरूण कुमार उर्फ जुगनू निवासी ग्राम बुलाकीवाला विकासनगर के रूप में की। मृतक के शरीर व गले पर चोटों के निशान थे। नितिन की ओर से अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया।

विकासनगर कोतवाल संजय कुमार के नेतृत्व में एसओजी व पुलिस टीम मुस्तैदी से जुट गई। टीम ने घटना के सम्बन्ध में आस-पास के लोगों से जानकारी लेने के साथ ही घटना स्थल व आस-पास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेजों का अवलोकन किया। इस बीच पुलिस को जानकारी मिली कि अरूण परम सिंह नाम के व्यक्ति के साथ गया था। इसके बाद पुलिस ने अभियुक्त परम सिंह पुत्र हरज्ञान सिंह को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ के दौरान परम सिंह ने अरूण कुमार के कहने पर उसकी हत्या किया जाना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में शामिल मृतक की पत्नी रमिता को भी गिरफ्तार कर लिया गया। परम सिंह ने बताया कि वह हलवाई का काम करता है तथा शादी ब्याह में काम के सिलसिले में विकास नगर आता रहता है। मृतक अरूण सिंह की पत्नी रमिता से उसकी मुलाकात एक वर्ष पूर्व एक विवाह समारोह के दौरान ग्रीन व्यू होटल में हुई थी। जहां वो शादी में काम के सिलसिले में आई हुई थी। इसके बाद उन दोनो की अक्सर बातचीत होने लगी तथा वे अक्सर एक होटल में मिलने लगे।

रमिता ने परम को बताया कि उसका पति अरूण, जो सब्जी की ठेली लगाता है, अक्सर शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता है। यदि उसे रास्ते से हटा दिया जाए तो वे दोनो आसानी एक दूसरे के साथ रह सकते हैं। रमिता मुलाकातों के दौरान परम पर अपने पति को रास्ते से हटाने का दबाव डालने लगी तथा ऐसा न करने पर परम को जेल भेजने की धमकी देने लगी। इसी वजह से उसने रमिता के साथ मिलकर उसके पति की हत्या करने की योजना बना ली।

परम ने बताया कि 18 अक्तूबर को वह अपने कारीगरों के साथ ट्रेन से सहारनपुर से देहरादून आया तथा अपने कारीगरों को विकासनगर में एक समारोह स्थल पर छोडकर अरूण को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। विकासनगर में एक देसी शराब के ठेके से अभियुक्त ने देसी जाफरान खरीदी तथा अरूण के आने पर उसके साथ जलालिया होते हुए यमुना नदी के किनारे गया। वहां अभियुक्त ने अरूण को शराब पिलाई तथा जैसे ही अरूण बाथरूम करने के लिए नदी के किनारे गया। परम ने पीछे से अपने पास रखे गमछे से अरूण का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी, फिर शव को यमुना नदी में फेंक दिया।

घटना के बाद परम उसकी मोटर साइकिल (यूके-के-16सी-2377) को लेकर विकासनगर आया। रसूलपुर में उक्त मोटर साइकिल को एक गली में खडी करके वहां से एक वाहन पकड़ कर चला गया। इसके बाद परम ने मृतक की पत्नी रमिता को फोन से घटना की सारी जानकारी दी। आज अभियुक्त विकासनगर से हिमाचल भागने की फिराक में था पर इससे पहले ही दून पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

सम्बंधित खबरें