देहरादून में बीकेटीसी की समीक्षा बैठक. यात्रा–2026 की तैयारियों पर मंथन. श्रद्धालुओं की सुविधा–सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

देहरादून : आगामी श्री बदरीनाथ धाम एवं श्री केदारनाथ धाम यात्रा–2026 की पूर्व तैयारियों को लेकर देहरादून स्थित कैनाल रोड पर बदरी-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के कैंप कार्यालय सभागार में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने की।

बैठक में समिति के उपाध्यक्ष, सदस्यगण, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समीक्षा बैठक से पूर्व केदारनाथ धाम के वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित एवं बीकेटीसी सदस्य दिवंगत श्रीनिवास पोस्ती को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

यात्रा व्यवस्था को लेकर गहन मंथन

बैठक में आगामी यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समिति सदस्यों के महत्वपूर्ण सुझावों पर तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु संचालन को लेकर ठोस रणनीति तय की गई।

 

अध्यक्ष श्री द्विवेदी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया।

ऋषिकेश में बनेगा बीकेटीसी का अस्थायी कार्यालय

बैठक में यह अहम निर्णय लिया गया कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व बीकेटीसी का कार्यालय आईएसबीटी ऋषिकेश के समीप पर्यटन विभाग के रजिस्ट्रेशन भवन में स्थापित किया जाएगा। इसका उद्देश्य तीर्थयात्रियों को पंजीकरण, जानकारी एवं अन्य सहायता सेवाएं त्वरित और सुगमता से उपलब्ध कराना है।

सीईओ ने पेश की प्रगति रिपोर्ट

बीकेटीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) विजय प्रसाद थपलियाल ने यात्रा तैयारियों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

रिपोर्ट में निम्न व्यवस्थाओं की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया—

. सरल एवं सुगम दर्शन व्यवस्था

. पूजा व्यवस्था का सुव्यवस्थित संचालन

. मंदिर परिसरों का सौंदर्यीकरण एवं रंग-रोगन

. यात्री विश्रामगृहों का रखरखाव

. आवास व्यवस्था

. पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति

. साफ-सफाई एवं स्वच्छता प्रबंधन

सीईओ ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं चरणबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं, ताकि यात्रा प्रारंभ होते ही श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

ये रहे उपस्थित

बैठक में बीकेटीसी के उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, सदस्य महेंद्र शर्मा, धीरज मोनू पंचभैया, प्रह्लाद पुष्पवान, देवी प्रसाद देवली, राजेंद्र प्रसाद डिमरी, डॉ. विनीत पोस्ती, नीलम पुरी एवं दिनेश डोभाल सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

समिति का संकल्प

बदरी-केदारनाथ मंदिर समिति ने दोहराया कि वह श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य तीर्थयात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है। यात्रा–2026 को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी स्तरों पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

सम्बंधित खबरें