काठगोदाम सिंचाई नहर में महिला को वीडियो शूट करना पड़ा भारी, तेज बहाव में बही, शव मिला

फिरोजाबाद से रिश्तेदारी में आई थी, नहर किनारे करा रही थी फोटोग्राफी, वीडियो शूट

हल्द्वानी: काठगोदाम में एक महिला गौला नदी के बैराज के पास सिंचाई नहर के तेज बहाव में बह गई।एसडीआरएफ और जल पुलिस ने महिला की तलाश में रेस्क्यू अभियान चलाया। महिला का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद हुआ।

महिला फिरोजाबाद की रहने वाली है, वह काठगोदाम में रिश्तेदारी में आई थी। महिला नहर किनारे फोटोग्राफी और वीडियो शूट कर रही थी।
पुलिस के अनुसार महिला काठगोदाम बैराज से रेलवे लाइन को जाने वाली नहर में फोटोग्राफी और वीडियो शूट करा रही थी। इस बीच उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बह गई। एकाएक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
एसडीआरएफ और जल पुलिस के जवान महिला की खोज में जुट गए। घंटों चले रेस्क्यू के बाद महिला का शव शीशमहल क्षेत्र से बरामद हुआ।
मृतका का नाम शिवानी है,वह फिरोजाबाद की रहने वाली थी। साल भर पहले ही उसकी शादी हुई थी। उसका एक बच्चा भी है। शिवानी काठगोदाम में रिश्तेदारी में आई थी। शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सम्बंधित खबरें