रुड़की गंगनहर में पांच शव मिलने से हड़कंप, दो की शिनाख्त, तीन की पहचान को यूपी से संपर्क

हरिद्वार : रुड़की स्थित गंगनहर आसफ झाल से दो दिनों में पांच शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई है। एक महिला और एक पुरुष के शव की शिनाख्त हो गई है। जबकि तीन अन्य शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। उनकी पहचान के लिए यूपी के समीपवर्ती थाना क्षेत्रों से संपर्क किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार शनिवार को गंगनहर से दो शव मिले थे। जबकि अगले दिन फिर उसी स्थान से तीन और शव बरामद हुए। दो दिन लगातार शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस अफसरों ने दौरा कर पूरी जानकारी ली। शवों को स्थानीय लोगों की मदद से नहर से बाहर निकलवाया गया।

मंगलौर थाना कोतवाली के इंस्पेक्टर महेश जोशी ने बताया महिला के शव की शिनाख्त विमला देवी पत्नी ईश्वर सिंह निवासी इंदिरा विहार और एक पुरुष के शव की शिनाख्त तकी अहमद पुत्र चांद अहमद निवासी अलीगढ़ के रूप में हुई। विमला देवी 27 सितंबर की शाम को गणेश पुल के नीचे स्थित शिव मंदिर के गई थी। माना जा रहा है पैर फिसलने की वजह से नहर में गिर गई होगी। इसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी।

उधर, कलियर उर्स में आए 14 जायरीन गंगनहर में नहाते समय डूब गए थे। 13 लोगों को तो जल पुलिस व स्थानीय लोगों ने जैसे-तैसे बचा लिया था। लेकिन तकी अहमद नहर में बह गया था। आसफपुर झाल से उसका शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम के बाद दोनो शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस के मुताबिक शेष तीन शवों को शिनाख्त के लिए रखा गया है। तीनों शव 30 से 35 वर्ष के युवकों के हैं। कंट्रोल रूम के जरिए बार्डर से सटे मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जिले के थानों से संपर्क किया गया है।

सम्बंधित खबरें